




अध्ययन यात्रा पर निकले विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने नियम और कानून के साथ-साथ विकास कार्यों का किया अध्ययन
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर। बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व सभी पार्टी के नेताओं द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर वर्तमान सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का आकलन करना शुरू हो गया है। इसी क्रम में बिहार विधानसभा में बनाए गए 24 समितियों में से एक 5 सदस्यीय शिष्ट मंडल अपने दो दिवसीय अध्ययन यात्रा पर सोमवार की शाम वाल्मीकिनगर पहुंचा। जिसका नेतृत्व घोसी के भाकपा माले विधायक रामबली सिंह यादव कर रहे थे। उनके साथ बैकुंठपुर गोपालगंज के राजद विधायक प्रेम शंकर प्रसाद, केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा, भाकपा माले के जिला सचिव फरहान राजा सहित अन्य पार्टी के नेता शामिल थे।अध्ययन यात्रा के बाबत जानकारी देते हुए पांच सदस्यीय टीम के सभापति भाकपा माले विधायक रामबली सिंह ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा विधानसभा में सभी पार्टियों को मिलाकर 24 समितियां बनाई गई है। प्रत्येक समिति में पांच पांच विधायकों को शामिल किया गया है। जिसमें प्रत्येक पार्टी के विधायक को रखा गया है। इन सभी पार्टियों के नेताओं को विकास कार्यों का अध्ययन करने तथा हर जिले में नियम कानून के स्थिति के बारे में जानकारी हासिल कर सरकार को रिपोर्ट देने का अधिकार प्राप्त है। इसी के तहत हमारी टीम को तीन जिले आवंटित किए गए हैं। जिसमें जहानाबाद, मोतिहारी और पश्चिमी चंपारण जिला शामिल है। हमलोगों ने यहां पहुंचकर बारीकी से विकास कार्यों का अध्ययन किया है। सरकार के दावे को हम लोग लिखित और मौखिक रूप में प्रस्तुत करेंगे। जो विकास होना चाहिए वह अभी नहीं हुआ है। वाल्मीकि नगर पर्यटन स्थल है और गोल चौक से जंगल कैंप तक आने वाली सभी सड़के जर्जर हालत में है। हम इसका अध्ययन कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेंगे।
नीतीश को अब आराम की जरूरत
अध्ययन यात्रा पर वाल्मीकिनगर पहुंचे घोसी से भाकपा विधायक रामबली सिंह यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्हें अब आराम की जरूरत है। भाजपा उन्हें कठपुतली बनकर विधानसभा की चुनाव लड़ना चाहती है। बाद में बीजेपी नीतीश कुमार को बाहर का रास्ता दिखा देगी। बिहार के मुख्यमंत्री जिस सपने को संजो रहे हैं, वह कभी साकार होने वाला नहीं है। बिहार में अब महागठबंधन की सरकार ही बनेगी। नीतीश सरकार में बिहार के अफसरों की अफ़सरशाही चल रही है। जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।
पाथवे का 3 साल में ही जर्जर होना चिंता का विषय
अध्ययन यात्रा पर निकले भाकपा माले, राजद जदयू सहित अन्य पार्टियों के नेताओं ने बिहार सरकार द्वारा वाल्मीकिनगर के सौंदर्यीकरण के लिए गंडक नदी के किनारे बनाए गए पाथवे की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। पांच सदस्यीय टीम के सभापति रामबली सिंह यादव ने कहा कि नीतीश सरकार की विकास योजनाओं का यह पाथवे पोल खोल रहा है। 3 साल के अंदर ही पाथवे जर्जर स्थिति में पहुंच गया है, इसका रिपोर्ट हम सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि पाथवे के मुख्य गेट पर आम लोगों को वाहन से जाने पर रोक लगा दी गई है। लेकिन वीवीआईपी और सरकार के नेताओं के लिए यह खोल दिया जाता है, यह कहीं से भी उचित नहीं है।
2020 की कमियों को सुधारना हमारा उद्देश्य
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की तैयारियों के बाबत भाजपा और राजद के नेताओं ने बताया कि 2020 में जो गलतियां हुई थी वह दोबारा ना हो, इस पर गठबंधन काम कर रहा है। झारखंड में हुए चुनाव के तर्ज पर महागठबंधन बिहार में विधानसभा की चुनाव लड़ेगी। रामबली सिंह यादव ने कहा कि बिहार के हर जिले में एक विधानसभा क्षेत्र वामपंथियों के लिए होगा। जिस जिला में केवल भाकपा का उम्मीदवार जीत हासिल किया है, उस जिला में भाकपा का उम्मीदवार अधिक होगा। प्रदर्शन के आंकड़े को देखते हुए महागठबंधन पार्टी उम्मीदवारों को टिकट देगी। यह साफ हो गया है कि हर जिले में एक सीट भाकपा माले का होगा। जहां कुपोषण है, वहां ज्यादा डोज देने की जरूरत है। अर्थात जिस जिले में राजद और कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं, वहां भाकपा माले अपना उम्मीदवार उतारेगी।