जटाशंकर वन क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लकड़ी के साथ चार वन अपराधी गिरफ्तार।

0
14



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- जटाशंकर वन क्षेत्र के घने जंगलों में अवैध रूप से पेड़ काटकर लकड़ी ले जाने वाले चार वन अपराधियों को वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से वन अपराधियों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार वन अपराधियों की पहचान राजा राम चौधरी, तुलसी चौधरी, तिलक राम और देवनारायण चौधरी के रूप में की गई है। सभी आरोपी वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के द्रुआबारी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जटाशंकर वन क्षेत्र में घुसकर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर रहे हैं और लकड़ी को बाहर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार के दिशा निर्देश पर वनकर्मियों की एक टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान वनकर्मियों ने चारों आरोपियों को मौके पर ही लकड़ी के साथ धर दबोचा। मौके से अवैध रूप से काटी गई लकड़ियां भी बरामद की गईं। इस संबंध में जानकारी देते हुए वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध कटाई की सूचना को गंभीरता से लिया गया और तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी कीमत पर जंगलों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। बताते चले कि जटाशंकर वन क्षेत्र जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्र माना जाता है। यहां की हरियाली और वन्य जीवन को सुरक्षित रखना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में अवैध कटाई जैसी घटनाएं पर्यावरण संतुलन के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती हैं। हालांकि, वन विभाग की सख्ती के बाद अब इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कटाई या वन अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें। सामूहिक प्रयास से ही जंगलों और पर्यावरण की रक्षा संभव है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here