

बेतिया/वाल्मीकिनगर। थाना क्षेत्र के मलकौली भथोहिया टोला वार्ड संख्या-11 में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता रिता देवी (35 वर्ष), पति राजेश राम ने वाल्मीकिनगर थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के छह लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाने को दिए आवेदन में रिता देवी ने बताया कि 24 जून 2026 की सुबह वह अपने खेत की देखरेख के लिए गई थीं। खेत से वापस घर लौटने के कुछ समय बाद उनके पड़ोसी परिवार के सदस्य दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग हरवे-हथियार से लैस होकर गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने आवेदन में रणविजय राम उर्फ संजय राम, कुंदन राम, ललन राम, सोनी देवी, अंतिमा देवी तथा राबड़ी देवी को नामजद आरोपी बनाया है। महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान रणविजय राम ने उनकी ब्लाउज फाड़ दी तथा बाल पकड़कर लात-घूंसों से हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति और सास के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के अनुसार शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जाते-जाते आरोपियों ने थाना में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। रिता देवी ने अपने आवेदन में कहा है कि आरोपी पूर्व में भी कई बार विवाद और उत्पीड़न की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। मामले को लेकर वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










