

सीमा क्षेत्रों में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर: सशस्त्र सीमा बल की 21वीं वाहिनी बगहा एवं बगहा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से भारत सरकार के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान का नेतृत्व 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत एवं बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने किया। रविवार को आयोजित इस साइकिल रैली की शुरुआत एसएसबी 21वीं वाहिनी के मंगलपुर कैंपस, बगहा से हुई। रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय बगहा तक पहुंची और वहां से पुनः मंगलपुर कैंपस वापस लौटी। इस दौरान एसएसबी अधिकारियों, जवानों, पुलिस कर्मियों, स्थानीय नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में फिटनेस, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। ऐसे अभियान युवाओं और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने लोगों से साइकिल चलाने और नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर एवं नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। अभियान में एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश शर्मा, उपकमांडेंट सोनू कुमार, उपकमांडेंट विशाल कुमार, उपकमांडेंट भूषण चंद रॉय, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) रजनीश मीणा, डीएसपी मुख्यालय दयानंद शर्मा, एसडीपीओ निहार भूषण समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा समाजसेवी, पत्रकार और स्थानीय गणमान्य लोग भी शामिल हुए। विशेष बात यह रही कि इस अभियान के साथ-साथ एसएसबी की सीमा चौकियों झंडूटोला, चकदहवा, रमपुरवा, थारी गंडक बैराज एवं कमरछीनवा में भी स्थानीय लोगों के साथ ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीमा क्षेत्रों में आयोजित इस पहल को लोगों ने फिट और जागरूक समाज की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।










