सीमा पर बढ़ते खनन और धर्मांतरण पर सीमा जागरण मंच का चिंतन।

0
143

Spread the love

गंडक नदी से हो रही मिट्टी-बालू कटाई को बताया राष्ट्रीय सुरक्षा, पर्यावरण और गांवों के अस्तित्व के लिए बड़ा खतरा

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर :- भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध बालू एवं मिट्टी खनन तथा सीमा क्षेत्र में बढ़ रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सीमा जागरण मंच जिला इकाई, पश्चिमी चंपारण ने गंभीर चिंता जताई है। शनिवार देर शाम वाल्मीकिनगर के रमपुरवा गांव में आयोजित बैठक में मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नेपाल अधिकृत सुस्ता गांव से सटे नो मैंस लैंड, थारू टोला और गंडक नदी क्षेत्र में सक्रिय खनन गतिविधियों को भविष्य के लिए बड़ा खतरा बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंच की पूर्णकालिक जिला महामंत्री गोविंद कुमार यादव ने कहा कि गंडक नदी से लगातार बालू और मिट्टी की कटाई कर नेपाल क्षेत्र में बांध निर्माण कराया जा रहा है। इससे भारतीय सीमा के समीप बसे गांवों पर कटाव और भूक्षरण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो गंडक नदी का बहाव गांवों की ओर मुड़ सकता है, जिससे कई गांवों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिन के उजाले में ही नेपाली खनन माफिया सक्रिय हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। मंच के नेताओं ने मांग की कि भारत सरकार नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत बांध निर्माण और फेंसिंग की व्यवस्था कराए, ताकि सीमा सुरक्षा के साथ ग्रामीणों की जमीन और आबादी को भी सुरक्षित रखा जा सके। बैठक में मंच के संरक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सीमा जागरण मंच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक अभिन्न अंग है, जिसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा, जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर समाज को संगठित करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय सीमा से मिट्टी कटाई जैसी गतिविधियां चिंता का विषय हैं और इस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में बढ़ रही अवैध गतिविधियों के साथ-साथ धर्मांतरण के मामलों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अशिक्षित और कमजोर वर्गों को जागरूक कर सामाजिक एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। मंच के संरक्षक बबलू कुमार सिंह ने लोगों से एकजुट होकर सीमावर्ती क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
इस अवसर पर मंच के जिला अध्यक्ष तापोश टैगोर, संरक्षक दिनेश कुमार गुप्ता, डॉ. संजय कुमार, डॉ. वीरेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here