

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट..
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में एक छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वर्ग आठ के छात्र को बेल्ट और जूतों की माला पहनाकर केवल अंडरवियर में बेरहमी से पीटते देखा जा रहा है। घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।बताया जा रहा है कि सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल का छात्र हिमांशु कुमार पढ़ाई समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।

हिमांशु अपने मामा महेश साह के यहां मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड संख्या-2 में रहकर पढ़ाई करता था।
सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो में मोबाइल और फोटो को लेकर विवाद की बातें भी सुनाई दे रही हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि पटना न्यूज 24 नहीं करता है। घटना के बाद भय और शर्म के कारण छात्र ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। लेकिन जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। मामले को लेकर मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।










