



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- सोमवार को ई टाईप कालोनी निवासी अखिलानंद सिंह के घर के अंदर एक अजीब किस्म का सांप देखा गया। सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए। उन्हें डर सताने लगा कि कहीं यह जहरीला तो नहीं है। परिजन ने तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे। और सावधानी से सांप को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि यह वन सुंदरी सांप है। इसका सिर काॅपर (तांबा ) की तरह दिखाई देता है। यह तुरंत अपना रंग बदल लेता है। खतरा होने पर यह अपने मुंह को फूलाकर, तेज आवाज में फूफकारता है। इसकी सुंदरता के चलते वन सुंदरी नाम से भी जाना जाता है। यह छोटे कीट पतंगे, छिपकली, पक्षियों, मेढक आदि को अपना आहार बनाता है। यह जहरीला नहीं होता है। इनकी लंबाई पांच फीट से ज्यादा होती है। यह एक बार में 15 अंडे देते हैं। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जटाशंकर जंगल में छोड़ दिया गया।
वाल्मीकिनगर रेंजर अमित कुमार ने बताया कि वन सुंदरी सांप जहरीला नहीं होता। जानकारी के अभाव में लोग इसे मार देते हैं। ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है। रात में सोने से पहले बिस्तर की सफाई करें। मच्छरदानी का उपयोग करें।










