




जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वीटीआर वन प्रमंडल दो के वाल्मीकिनगर रेंज सहित गनौली रेंज में कार्यरत वन कर्मियों का दिवाली पर्व को लेकर वीटीआर में अलर्ट जारी किया गया है। शिकार की आशंका को लेकर वन कर्मियों की दिवाली की छुट्टी को रद्द करने के आदेश दे दिए गए है। बताते चलें कि दीपावली के चलते हर साल वन्यजीवों के शिकार की आशंका बनी रहती है। इसके लिए पूरी तरह से तैयारियां की गई है। सभी रेंजों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए है।
उत्तर प्रदेश एवं नेपाल सीमा से सटे इलाकों पर सबसे ज्यादा फोकस
इन दोनों वन विभाग के जंगलों की सीमाएं खुली हैं और यहां पर शिकारियों के घुसने की सबसे ज्यादा आशंका है। दीपावली के मद्देनजर तंत्र-मंत्र क्रिया एवं अन्य गतिविधियों के लिए उल्लू एवं अन्य पक्षियों के शिकार की घटनाओं के मद्देनजर शिकार रोकने के लिए वन विभाग की टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। कर्मचारियों को पक्षियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।