




धर्म जीत सिंह विद्यालय परिसर में योगासन के लिए जागरूकता अभियान चला, प्रतिदिन योगा करने का युवाओं ने लिया संकल्प
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर। थाना क्षेत्र का चंपापुर
गोनौली, कभी दस्यु की बंदूकों की गोलियों की तड़तड़ाहट के लिए जाना जाता था। वर्तमान में यह क्षेत्र शिक्षा और सामाजिकता के क्षेत्र में चंपारण में अपना प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। आदिवासी बहुल इस क्षेत्र के प्रत्येक गांव से प्रतिवर्ष डॉक्टर इंजीनियर से लेकर खेल के सभी प्रारूपों में युवक युवतियों द्वारा परचम लहराया जा रहा है। अब इस क्षेत्र में फिट इंडिया के तहत योगासन के लिए युवाओं को आगे आने के लिए जागरुकता फैलाई जा रही है। युवाओं का नेतृत्व कर रहे गोनौली निवासी अभिषेक कुमार जायसवाल ने बताया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। आदिवासी बहुल क्षेत्र के युवाओं को फिट रहने के लिए योगाभ्यास जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में अभी तक 50 से ज्यादा युवा जुड़ चुके हैं। सभी युवा इस अभियान को सफल बनाने के लिए संकल्प लिए हैं। इससे स्वस्थ समाज का जन्म होगा। इस अभियान से जुड़कर युवा देश के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकते हैं। इस अभियान में मुख्य रूप से अखिलेश जायसवाल, दीपक जायसवाल, सुनील जायसवाल, अनिल प्रजापति, विनोद शाह सहित अन्य ग्रामीण जुड़े हुए हैं।