लटकाना-अटकाना नहीं चलेगा, काम चाहिए: मंत्री लखेन्द्र पासवान, वाल्मीकिनगर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी चेतावनी।

0
39

Spread the love

तीन दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट, थरूहट विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर: पश्चिम चंपारण के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने शुक्रवार को वाल्मीकिनगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों और अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में बगहा विधायक राम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समेकित थरूहट विकास अभिकरण के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान कई परियोजनाओं में धीमी प्रगति और लंबित कार्यों पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों को “लटकाना, अटकाना और भटकाना” अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि बिहार की कार्यसंस्कृति बदल रही है और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। मंत्री ने कहा कि अनावश्यक विलंब और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा, “हर महीने अधिकारी निलंबित हो रहे हैं, इसमें आपका भी नंबर आ सकता है।” इस टिप्पणी के बाद बैठक में मौजूद अधिकारियों के बीच गंभीरता का माहौल दिखा। समीक्षा के दौरान बताया गया कि थरूहट क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। मंत्री ने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को तीन दिनों के भीतर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया। साथ ही घोषणा की कि प्रत्येक तीन माह पर समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और लंबित परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here