वीटीआर में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई सेमरीडीह गांव में छापेमारी।

0
13

Spread the love

35 लीटर देसी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के नौरंगिया वन क्षेत्र अंतर्गत सेमरीडीह गांव में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ वन विभाग, एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लीटर देसी चुलाई शराब जब्त की है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौरंगिया वन परिसर पदाधिकारी सोनू कुमार को शुक्रवार को लगभग 11:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि वन कक्ष संख्या एम/18 क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण एवं तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम का गठन किया गया। छापेमारी दल में मदनपुर वन क्षेत्र के वनपाल, वनरक्षी, वनकर्मी, 21वीं वाहिनी एसएसबी गंडक बैराज के इंस्पेक्टर जीडी लोकेश कुमार बनिया के नेतृत्व में एसएसबी जवान तथा वाल्मीकिनगर थाना पुलिस शामिल थी। संयुक्त टीम ने दोपहर करीब 12:45 बजे सेमरीडीह गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर कच्ची शराब निर्माण का कार्य चलता पाया गया। छापेमारी दल को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान विनोद निषाद (40 वर्ष), पिता भिखर निषाद, निवासी सेमरीडीह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं भारी मात्रा में तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। अवैध शराब निर्माण से संबंधित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं 35 लीटर देसी चुलाई शराब को दो गैलनों में विधिवत जब्त किया गया। भागने के दौरान स्थानीय वनकर्मियों ने दो अन्य आरोपियों की पहचान पतुराम बिन तथा नन्हकु बिन, दोनों निवासी सेमरीडीह के रूप में की है। वन विभाग ने गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए वाल्मीकिनगर थाने को आवेदन सौंप दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here