नहर में डूबने से दो युवकों की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, मझौलिया के अमवा मझार की है घटना ।

0
120

Spread the love

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नहर में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना अमवा मझार पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित अमवा मझार बराज 55 पुल के समीप हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बेतिया के बारी टोला निवासी दो युवक ई-रिक्शा से अमवा मझार बराज के पास नहाने पहुंचे थे। उस समय नहर में दर्जनों बच्चे भी स्नान कर रहे थे। नहाने के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका दूसरा साथी बिना देर किए पानी में कूद पड़ा। लेकिन गहराई के कारण दोनों युवक पानी से बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। घटना की पुष्टि अमवा मझार पंचायत के मुखिया लालदेव राम तथा विशंभर पुर पंचायत के पूर्व मुखिया डॉक्टर मुकेश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि एक युवक को बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी हादसे का शिकार हो गया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय करण कुमार तथा 22 वर्षीय मिट्ठू कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here