

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के संतपुर गांव में शनिवार की देर संध्या उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय किंग कोबरा अचानक एक घर में घुस गया। सांप की तेज फुफकार सुनते ही घर के लोगों के होश उड़ गए। परिवार के सदस्य जान बचाकर बाहर भागे और देखते ही देखते पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, लेकिन जहरीले सांप को देखकर कोई भी घर के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जानकारी के अनुसार, संतपुर गांव निवासी किशोर काजी के घर में यह किंग कोबरा घुस आया था। परिजनों ने बताया कि सांप घर के भीतर फन उठाकर लगातार फुफकार रहा था, जिससे माहौल बेहद भयावह हो गया था। परिवार के लोगों ने तुरंत घर खाली कर दिया और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने भी सतर्कता बरतते हुए बच्चों और अन्य लोगों को घर से दूर रखा। सूचना मिलते ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की टीम हरकत में आई और प्रशिक्षित स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होते ही कोबरा लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा, जिससे उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। कभी वह कमरे के कोने में छिप जाता तो कभी सामानों के पीछे जाकर बैठ जाता। करीब दो घंटे तक चले रोमांचक और जोखिम भरे अभियान के बाद स्नेक कैचर ने बेहद सावधानी से किंग कोबरा को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। इस ग्रामीण केदारनाथ काजी ने बताया कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लंबे समय तक गांव में भय और तनाव का माहौल बना रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा विषैला सांप माना जाता है, जिसकी लंबाई 18 फीट तक हो सकती है। यह मुख्य रूप से अन्य सांपों को अपना भोजन बनाता है और सामान्य परिस्थितियों में इंसानों पर हमला नहीं करता। हालांकि खतरा महसूस होने पर यह बेहद आक्रामक हो सकता है। वन क्षेत्र पदाधिकारी सत्यम कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो लोग खुद जोखिम न उठाएं। तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित विशेषज्ञों को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।










