विद्यालय में शिक्षकों का हाई वोल्टेज ड्रामा, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

0
474

Spread the love

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट।।

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों विद्यालयों में लगातार हो रहे विवाद चर्चा का विषय बने हुए हैं। कहीं प्रधानाध्यापक और अभिभावकों के बीच कहासुनी हो रही है, तो कहीं गुरु-शिष्य एवं शिक्षकों के बीच विवाद सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय महनवा रमपुरवा में शिक्षकों के बीच हुआ विवाद हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जिससे विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार विद्यालय में नए रूटीन को लागू करने को लेकर शिक्षक धर्मेंद्र सिंह और पूर्व प्रधानाध्यापिका शिल्पा कुमारी के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक चलती रही। इसी दौरान पूर्व प्रधानाध्यापिका शिल्पा कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई ।

घटना के बाद विद्यालय में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों एवं विद्यालय कर्मियों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। विद्यालय की वर्तमान प्रधानाध्यापिका हिना रजा ने बताया कि विद्यालय में नए रूटीन को सर्वसम्मति से लागू करने का निर्णय लिया गया था। बावजूद इसके शिक्षक धर्मेंद्र सिंह लगातार इसका विरोध कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र सिंह अक्सर विद्यालय की व्यवस्था एवं पठन-पाठन कार्य में व्यवधान उत्पन्न करते हैं तथा स्वयं को प्रधानाध्यापक की भूमिका में प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हफीजुर्रहमान ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घटना विभाग के संज्ञान में आ चुकी है। उन्होंने बताया कि शिक्षक धर्मेंद्र सिंह पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं।

मामले की जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। हालांकि शिक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। गौरतलब है कि शिल्पा कुमारी और धर्मेंद्र सिंह के बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है। लेकिन इस बार मामला शिक्षिका के तबीयत खराब होने तक पहुंच गया। विद्यालय में बार-बार हो रहे विवादों से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है तथा शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here