11 कन्याओं के सामूहिक विवाह को लेकर बनी रणनीति, अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट की बैठक संपन्न।

0
149

Spread the love

बेतिया /मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड अंतर्गत चनायनबांध पंचायत के खुटिया इंदु मंदिर परिसर में अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले 11 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में ट्रस्ट पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि सामूहिक विवाह गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने ग्रामीणों एवं समाजसेवियों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि विवाह समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए भोजन, सजावट, आवास, अतिथि सत्कार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से आर्थिक सहायता जुटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे। वहीं ट्रस्ट के सचिव अभय पाठक ने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह कार्यक्रम प्रेरणादायी और अनुकरणीय बनेगा। बैठक के दौरान व्यवस्थापक छठु यादव ने आयोजन की जिम्मेदारियों के बंटवारे की जानकारी देते हुए बताया कि अलग-अलग समितियों का गठन किया जा रहा है, जो विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। वहीं मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा भावना का संदेश देगा। बैठक में मौजूद ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने का भरोसा दिलाया। पूरे क्षेत्र में इस सामूहिक विवाह समारोह को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here