लौरिया में पुलिस का शिकंजा: अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा, चालक गिरफ्तार।

0
72

Spread the love

खनन विभाग की जांच में बालू अवैध साबित, वाहन मालिक की तलाश तेज।

लौरिया से अखिलेश उर्फ दीपक सिंह की रिपोर्ट 

लौरिया। अवैध बालू कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लौरिया पुलिस को शनिवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। विशेष वाहन जांच के दौरान बिसुनपुरवा टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने उजला बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस रात में विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर संख्या BR22GC 3175 को रोककर जांच की गई। ट्रॉली में उजला बालू लदा मिला। चालक से बालू परिवहन से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार चालक की पहचान बसवरिया पराऊ टोला पंचायत के पराऊ टोला निवासी रफीक अंसारी के पुत्र रामतुल्लाह अंसारी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ट्रैक्टर को थाना ले आई और मामले की सूचना खनन विभाग को दी गई।
जांच के लिए पहुंचीं खान निरीक्षक कोमल कुमारी ने बालू की जांच की। जांच में बालू को अवैध पाया गया। इसके बाद पुलिस ने अवैध खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चालक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही अवैध बालू कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here