

चैनल फेंसिंग काटकर वारदात को दिया अंजाम वन परिसर पदाधिकारी ने वाल्मीकिनगर थाने में दिया आवेदन।
जिला ब्यूरो विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर :- वन प्रक्षेत्र अंतर्गत कोतराहा वन परिसर स्थित कौशल विकास केंद्र में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में कोतराहा वन परिसर के वन परिसर पदाधिकारी सूरज राम ने वाल्मीकिनगर थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। दिए गए आवेदन में बताया गया है कि दिनांक 08 मई की सुबह करीब 4:20 बजे वनकक्ष संख्या M/27 स्थित कौशल विकास केंद्र परिसर की चैनलिक फेंसिंग काटकर अज्ञात अपराधियों ने कॉक पीट मशीन में लगा एक अदद विद्युत मोटर चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग कर्मियों द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। वन परिसर पदाधिकारी सूरज राम ने आवेदन में कहा है कि चोरी की इस घटना से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अपराधियों की शीघ्र पहचान आवश्यक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए विद्युत मोटर की बरामदगी की मांग की है। इस मामले में वनपाल शुभम कुमार एवं कर्मी कुन्दन कुमार को गवाह बनाया गया है। घटना के बाद वन विभाग कर्मियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन परिसर और सरकारी परिसरों में लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस बाबत बाल्मीकि नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में बाल्मीकि नगर थाना कांड संख्या अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।








