वाल्मीकिनगर दौरे पर केंद्रीय मंत्री, पर्यटन विकास और ‘नो प्लास्टिक जोन’ पर दिया विशेष जोर।

0
22

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर: केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी का दो दिवसीय वाल्मीकिनगर दौरा क्षेत्र के पर्यटन और विकास को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है। सोमवार की शाम पहुंचे मंत्री ने अपने प्रवास के दौरान यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थानों और जंगल सफारी का अनुभव लिया तथा प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया।
मंगलवार को जल संसाधन विभाग के अतिथि भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस वाल्मीकिनगर में पर्यटन को बढ़ावा देने और आवश्यक विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने पर रहा। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी इसकी प्रगति में बाधा बन रही है।
उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, स्वच्छता और सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए बिहार सरकार के संबंधित विभागों से समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा, बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्री शेड के निर्माण पर भी उन्होंने जोर दिया, ताकि ठहरने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। दौरे के दौरान मंत्री ने गंडक नदी के किनारे बने पाथवे का निरीक्षण किया और इसे राज्य सरकार की सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह पाथवे पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है, लेकिन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अभी और कार्य किए जाने की आवश्यकता है। पर्यटन के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी मंत्री ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व को ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित करने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण न केवल पर्यावरण बल्कि वन्यजीवों के लिए भी खतरनाक है। सिक्किम का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां प्लास्टिक पर सख्त प्रतिबंध ने पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर में भी इसी मॉडल को अपनाकर स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। इस दौरान महेंद्र कुमार भारती, नंदकिशोर सहनी, सदरुल हसन सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here