गंडक बराज चौक पर युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर लोहे की रॉड से किया हमला, हालत गंभीर।

0
56

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- गंडक बराज चौक के समीप एक युवक पर हुए अचानक हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपरा कुटी निवासी राज किशोर कुशवाहा 20 अप्रैल की शाम करीब 3:30 बजे नेपाल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गंडक बराज चौक के पास अचानक एक युवक ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज कुमार, जो कास्ट भंडार गोल चौक का निवासी है, बिना किसी पूर्व विवाद या पहचान के अचानक दौड़ते हुए आया और राज किशोर कुशवाहा पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपी ने उनके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद एसएसबी जवानों और स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिससे पीड़ित की जान बच सकी। खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बगहा रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उसकी आरोपी से पहले कोई पहचान या दुश्मनी नहीं थी और हमला पूरी तरह से अचानक हुआ। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here