

जिला ब्यूरो विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकि विहार परिसर इन दिनों सांस्कृतिक रंगों से सराबोर है, जहां आदिवासी समाज के पारंपरिक लोकगीत और नृत्य पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गए हैं। वन विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शनिवार की शाम सैलानियों ने झमटा, डांडिया झरका और झूमता नृत्य का भरपूर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस पहल का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटकों को आदिवासी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। पटना और गोरखपुर समेत विभिन्न स्थानों से आए पर्यटक इन प्रस्तुतियों को देखकर खासे उत्साहित नजर आए और कार्यक्रम का खुलकर आनंद उठाया।

कार्यक्रम के दौरान महिला और पुरुष कलाकारों ने झमटा नृत्य के माध्यम से पारंपरिक लोकगीतों के साथ-साथ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं डांडिया झरका नृत्य में फिल्मी गीतों की धुन पर थिरकते कलाकारों ने युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। झमटा नृत्य में फसल बुवाई और कटाई से जुड़े गीतों के जरिए ग्रामीण जीवन की झलक पेश की गई, जबकि झरका नृत्य अतिथियों के स्वागत की परंपरा को दर्शाता है। पर्यटकों ने न सिर्फ इन प्रस्तुतियों की सराहना की, बल्कि कई लोग कलाकारों के साथ कदम मिलाते भी दिखाई दिए। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा, जिससे उन्हें आदिवासी जीवनशैली, वेशभूषा और परंपराओं के बारे में गहराई से जानने का अवसर मिला। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत अक्टूबर 2019 में की गई थी और तब से यह पर्यटकों के बीच लगातार लोकप्रिय हो रहा है। खासकर सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटक वाल्मीकिनगर पहुंचते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए हर शनिवार को नियमित रूप से इस आयोजन का संचालन किया जाता है।
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या विभाग के लिए सकारात्मक संकेत है। इस पहल से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं स्थानीय आदिवासी कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच भी मिल रहा है। वाल्मीकि विहार में सजी यह सांस्कृतिक संध्या पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव बनती जा रही है, जो उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित कर रही है।










