विनीता ने कला संकाय में तीसरा स्थान हासिल कर रचा इतिहास।

0
18

Spread the love

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कॉलोनी की रहने वाली विनीता कुमारी ने कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए स्नातक प्रथम वर्ष कला संकाय की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मां सरस्वती महाविद्यालय खड्डा में आयोजित परीक्षा में विनीता ने 500 में से 442 अंक प्राप्त करते हुए 88 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। विनीता की सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके संघर्ष और दृढ़ संकल्प की कहानी भी बयां करती है। कुछ वर्ष पहले उसके पिता स्वर्गीय वासुदेव मिस्त्री, जो पेशे से राजमिस्त्री थे, का निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसकी मां संपा देवी के कंधों पर आ गई। चार बेटियों और एक बेटे के पालन-पोषण की चुनौती के बीच उन्होंने हार नहीं मानी और गांव-गांव घूमकर कपड़े और चूड़ियां बेचकर बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। चार बहनों में सबसे छोटी विनीता बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। आर्थिक तंगी के बावजूद उसने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। मां के संघर्ष और बहनों के सहयोग ने उसे लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जैसे ही कॉलेज प्रशासन ने उसकी सफलता की सूचना दी, घर में खुशी का माहौल छा गया और उसकी मां की आंखें खुशी से नम हो गईं। विनीता पढ़ाई के साथ-साथ संगीत में भी रुचि रखती है। उसकी मधुर आवाज के कारण लोग उसे प्यार से “कोयल” कहकर बुलाते हैं। वह भविष्य में गायिकी के क्षेत्र में नाम कमाने के साथ-साथ शिक्षक बनकर समाज के गरीब और वंचित बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना चाहती है। विनीता ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और बहनों को देते हुए कहा कि परिवार ने उसे हर कदम पर सहयोग और पढ़ाई की पूरी आजादी दी। मां संपा देवी ने भावुक होकर कहा कि वह अपनी बेटी के हर सपने को पूरा करने के लिए तैयार हैं। “मेरी बेटी जहां तक पढ़ना चाहेगी, मैं उसके साथ हूं। जरूरत पड़ी तो अपना सब कुछ दांव पर लगा दूंगी, लेकिन उसके सपनों को टूटने नहीं दूंगी,” उन्होंने कहा। विनीता अब स्नातक द्वितीय वर्ष में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उसकी यह सफलता न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे वाल्मीकिनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। यह कहानी उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here