

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकि नगर:- वाल्मीकिनगर स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम उत्साह और उल्लास के बीच घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और आचार्यगणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य धनंजय मिश्र ने सफल विद्यार्थियों एवं सभी आचार्य बंधु-भगिनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं परिणाम की घोषणा प्रभारी आचार्य प्रभु प्रसाद गुरु द्वारा की गई। परिणाम में इस वर्ष कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मेहनत और लगन से हर विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर सकता है। विद्यालय के भैया-बहनों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल अपने अभिभावकों, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया। खास बात यह रही कि इस बार छात्राओं का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। अधिकांश कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर बहनों का दबदबा देखने को मिला। विद्यालय की मेधावी छात्रा वाणी ने 96.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर का खिताब हासिल किया। उसकी इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल देखा गया। इस मौके पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा-संबंधी सामग्री देकर सम्मानित किया गया, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो सके और वे आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों। कार्यक्रम में मनोज जी, छट्ठू जी, राकेश जी, मीडिया प्रभारी संतोष रौनियार, अनिरुद्धाचार्य जी, गुड़िया जी, पुष्पा जी, माधुरी जी, जानवी जी एवं तान्या जी सहित कई आचार्यगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया।










