

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के चकदहवा गांव में एक साधारण घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गेहूं सुखाने के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और लूट की घटना में बदल गई। पीड़ित अनिल खटीक ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना 26 मार्च की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। अनिल खटीक अपने दरवाजे पर पूजा के लिए गेहूं सुखा रहे थे। उसी दौरान पड़ोसी विजय खटीक की बकरी वहां पहुंचकर गेहूं खाने लगी। अनिल खटीक द्वारा बकरी को हटाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि विजय खटीक अपने परिवार के सदस्यों—पत्नी गीता देवी, पुत्री प्रीति कुमारी और पुत्र अनूप कुमार—के साथ एकजुट होकर लाठी-डंडा लेकर अनिल खटीक के दरवाजे पर पहुंच गया। सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए अनिल खटीक की पिटाई कर दी। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी रेनू देवी बीच-बचाव के लिए आईं, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और बेरहमी से मारपीट की। बताया गया है कि अनूप कुमार ने रेनू देवी को पकड़कर पीटा। हंगामा सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी वहां से भागने लगे। इसी दौरान गीता देवी और प्रीति कुमारी पर रेनू देवी के गले से करीब 30 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र छीन लेने का आरोप लगाया गया है। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पहले इलाज कराया, जिसके कारण थाना में आवेदन देने में थोड़ी देर हुई। अब पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










