

बेतिया मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में आयोजित मझौलिया प्रीमियर लीग टी-20 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन भाजपा के प्रदेश सह संयोजक (नगर निकाय प्रकोष्ठ) राहुल कुमार द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय लोग एवं युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के पहले नाइट मैच में सुगौली स्टार इलेवन और राहुल इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राहुल कुमार ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने का काम करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे वे आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। चौके-छक्कों और बेहतरीन गेंदबाजी ने मैच को रोमांचक बना दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट के आगामी मैचों में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।मौके पर मझौलिया मुखिया सत्य प्रकाश, राजन कुमार, गोलू श्रीवास्तव, रंजन कुमार पटेल, प्लांटी पांडे, प्रदीप सिंह, छोटू कुमार, विजय कुमार, अमित कुमार, हीरालाल शाह ,मकसूद आलम, सुधु कुमार, नीरज शर्मा ,अब्दुल्लाह अंसारी, हसमुल्लाह अंसारी , विशाल कुमार , राजू गिरी सहित अन्य शामिल थे ।










