

जिला ब्यूरो बेतिया विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट..
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के चंपापुर गोनौली पंचायत अंतर्गत हरैयाकोट स्थित दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय पूजनोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में 151 कन्याओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर त्रिवेणी संगम से निकलने वाले त्रिवेणी कैनाल तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र जल भरकर पूजा स्थल पर स्थापित किया गया। कलश यात्रा के दौरान कन्याओं द्वारा गूंजते “जय माता दी” के जयघोष से वीटीआर (वाल्मीकि टाइगर रिजर्व) से सटे आदिवासी बहुल क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुई और पूरे मार्ग में भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पूजा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो ने बताया कि घने जंगलों के बीच स्थित यह दुर्गा मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का केंद्र है। यहां प्रत्येक वर्ष शारदीय और चैत्र नवरात्र दोनों अवसरों पर विधि-विधान से नौ दिनों तक पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि इस बार भी पूजा को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं। पूजा समिति में उपाध्यक्ष मंतोष यादव, सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र कुमार महतो, अभिषेक कुमार सिंह, अनिल पंडित, वीरेंद्र राम एवं ज्योति उरांव सहित दर्जनों कार्यकर्ता 24 घंटे व्यवस्था संभालने में लगे रहेंगे। नवरात्र के अवसर पर 27 मार्च से 29 मार्च तक मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन भी किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। 26 मार्च की रात से भजन-कीर्तन, नृत्य और संगीत कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें थरुहट क्षेत्र के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। विशेष बात यह है कि जिस क्षेत्र में कभी का प्रभाव रहा करता था, वहां अब भक्ति और शिक्षा का माहौल देखने को मिल रहा है। नवरात्र के इस आयोजन ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को नई दिशा दी है। कलश यात्रा के दौरान भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।










