

बगहा/चौतरवा। बगहा 1 प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज पतिलार में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित पशु मोबाइल चिकित्सालय की टीम ने ग्रामीण क्षेत्र का परिभ्रमण कर पशुओं का इलाज किया। इस दौरान गांव में गाय, भैंस, बकरी सहित अन्य पशुओं की जांच कर बीमार पशुओं को दवा देकर उपचार किया गया। यह कार्यक्रम मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं की नियमित देखभाल करने तथा समय-समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। साथ ही कहा कि सरकार द्वारा पशुपालकों की सुविधा के लिए मोबाइल पशु चिकित्सालय की व्यवस्था की गई है, जिससे गांव में ही पशुओं का इलाज संभव हो पा रहा है। पशु चिकित्सक विनोद कुमार झा ने पशुपालकों को पशुओं के संतुलित आहार, साफ-सफाई तथा बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी।

वहीं किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ जदयू जिला प्रवक्ता अभय कुमार उपाध्याय ने बताया कि पशुओं के इलाज के लिए इस तरह की सुविधा मिलने से पशुपालकों को बहुत ही ज्यादा सुविधा हो रही है। पशु बेजुबान जानवर होता है और किसी तरह की बीमारी होने पर वह बता नहीं सकता है और बीमारी की सही पहचान किए बिना झोलाछाप डॉक्टर से इलाज करवाने पर पशु की मृत्यु तक हो जाती है। जिससे पशुपालकों को भरी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है लेकिन पशु मोबाइल चिकित्सा वाहन के आ जाने से पशुओं का सही इलाज हो जाता है। 1962 पर फोन लगाने के तुरत बाद डॉक्टर की उपलब्धता हो जाती है। वहीं विनोद कुमार झा के द्वारा पशुओं को बीमारी से मुक्त कैसे रख पाए जैसी महत्पूर्ण सुझावों को दिया जाता है। ग्रामीणों ने गांव में इस प्रकार की चिकित्सा सेवा मिलने पर खुशी व्यक्त की और विभाग का धन्यवाद किया। मौके पर वाहन चालक शमशाद अहमद, कृष्णा पासवान, टुनटुन कुमार, मोदी गोड, अमरेश मल्ल, संदीप मिश्रा पशुपालक मौजूद रहे।










