

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मझौलिया में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार एवं थाना अध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च मझौलिया बाजार, मुख्य चौक-चौराहों तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वीडियो डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि होली आपसी प्रेम और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं।

उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर उपस्थित थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार गश्ती की जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करें।
प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।










