सेलेस्टियल स्कूल के 7वें वार्षिकोत्सव में प्रतिभा की चमक, देशभक्ति गीतों व नृत्य ने जीता दिल।

0
27



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा चौक के समीप संचालित सेलेस्टियल इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को 7वें वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा जलवा बिखेरा कि अतिथि, अभिभावक और उपस्थित अधिकारी मंत्रमुग्ध हो उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सशस्त्र सीमा बल 21वीं वाहिनी बगहा के डिप्टी कमांडेंट सुरेश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से भर उठा। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने समां बांध दिया। विद्यालय, जो केरल के शिक्षकों द्वारा संचालित है, वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। सांस्कृतिक संध्या में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, संगीत और देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। देश के लिए न्योछावर होने वाले वीर सपूतों की झलकियां दर्शाते देशभक्ति नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
तीसरी कक्षा के छात्र आयुष रंजन द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं नेपाली गीतों पर प्रस्तुत विशेष नृत्य ने कार्यक्रम में विविधता का रंग भर दिया। बच्चों की मासूम अदाएं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने अभिभावकों को गर्व से भर दिया। विद्यालय के प्राचार्य थोमस जॉन ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय की स्थापना 4 अप्रैल 2018 को मात्र 20-25 छात्रों के साथ हुई थी। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन के बल पर आज यहां लगभग 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देना है। “हमारी कोशिश है कि यहां से पढ़ने वाला हर बच्चा आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचे और देश का नाम रोशन करे,” उन्होंने कहा। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य रूप से वलिबा जॉन, जीजो जॉन और देगोंटा के योगदान की सराहना की गई। आयोजन में इंस्पेक्टर लोकेश कुमार बनिया, कृष्ण देव प्रसाद केसरी, पूर्व सरपंच पतिराम भगत और मंतोष यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच संपन्न हुआ यह वार्षिकोत्सव विद्यालय की उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य की गवाही देता नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here