



बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जौकटिया भटवलिया नहर चौक के समीप 18 चक्का टेलरा ट्रक और आलू-प्याज लदे टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में टेंपो पर सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों की पहचान पहाड़पुर निवासी अटू साह, आलोक कुमार और अनुज कुमार के रूप में की गई है। इनमें अनुज कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 चक्का ट्रक (बीआर 03 जीजी 88923) और टेंपो (बीआर 22 जीए 6580) जौकटिया- भटवलिया नहर के समीप अचानक टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की।

वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मझौलिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होते ही आवेदन के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।










