




जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकिनगर स्थित वाल्मीकि सभागार में शनिवार से शुरू विकासशील इंसान पार्टी का दो दिवसीय आईटी सेल सोशल मीडिया कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय आईटी सेल सोशल मीडिया सेमिनार की शुरुआत ‘सरकार बनाओ अधिकार पाओ’ मंत्र के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने किया। वाल्मीकि सभागार में अपने नेता के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फ्लैशलाइट जलाकर, जोरदार स्वागत करते हुए मुकेश सहनी जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दो दिवसीय सेमिनार में बिहार के प्रत्येक जिलों से आईटी सेल सोशल मीडिया के कार्यकर्ता सहित जिला अध्यक्षों की उपस्थिति हुई है। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और झारखंड के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। दो दिवसीय बैठक के पहले दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने आईटी सेल सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वीआईपी एक गरीब पार्टी है। इस पार्टी को खून पसीने के कमाई से सींचा गया है। बिहार में अपना वजूद बना रहे इसके लिए हम सबको एकजुट रहना होगा। पिछले 11 वर्षों से हम संघर्षरत हैं। अब बिहार में किसी की सरकार बने, उसमें मुकेश सहनी की भागीदारी अवश्य होगी। मीडिया और विपक्ष सरकार का तीसरी आंख होता है। लेकिन मीडिया सरकार के कंपनी के रूप में काम करती है। मीडिया का एक ही मकसद है, लाभ कमाना। भारत सरकार और राज्य सरकार से मीडिया को विज्ञापन के रूप में मोटी रकम मिलती है। जिसके कारण मीडिया विपक्षी पार्टियों को नजरअंदाज करती है, और सरकार का गुणगान करती है। आजकल सोशल मीडिया का जमाना है। हमारे आईटी सेल और सोशल मीडिया के जितने भी कार्यकर्ता हैं, पार्टी के विचारधारा को जन-जन तक पहुंचने में अभी से लग जाएं।
सोशल मीडिया देश की ताकत
वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बिहार झारखंड वी उत्तर प्रदेश से आए आईटी सेल सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को बताया कि सोशल मीडिया देश की ताकत है। 20 करोड़ से ज्यादा लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अपने हक हकूक की लड़ाई लड़ रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से हम अपने पार्टी को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ अपने विचारधारा को भी देश के उसे तबके तक पहुंचा सकते हैं, जहां कोई नहीं पहुंच सकता। हमारा एक ही लक्ष्य है आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ाई लड़ना, और 11% से ज्यादा हमारी आबादी है उसे अनुसार सीटें हासिल करना।
सोशल मीडिया का उपयोग संविधान के अनुरूप हो
दो दिवसीय बैठक के पहले दिन मुकेश सहनी ने आईटी सेल से जुड़े बिहार झारखंड व उत्तर प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी का प्रचार प्रसार संविधान के अनुरूप होना चाहिए। ऐसा कोई भी बयान सोशल मीडिया पर नहीं जानी चाहिए जो संविधान और देश के खिलाफ हो। किसी प्रकार का भड़काऊ बयान पार्टी के छवि को धूमिल कर सकता है। पार्टी को अगर शिखर तक पहुंचाना है तो हमारे कार्यकर्ता इस पर जरूर ध्यान देंगे।