




जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन
बेतिया/वाल्मीकिनगर। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर राजकीय बाल विधा केंद्र मध्य विद्यालय वल्मीकिनगर में वन्य जीव सुरक्षा के महत्त्व से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। इस अवसर पर एक जागरूकता रैली निकाली गई।इस अवसर पर रेंजर श्रीनिवासन नवीन ने बताया कि वन और जीवन दोनों एक−दूसरे पर आश्रित हैं। वनों से हमें शुद्ध ऑक्सीजन मिलता है। वन भू−जल को भी संरक्षित करते हैं। जैव−विविधता की रक्षा से वनों की रक्षा संभव है। जंगलों को आग से बचाना भी जरूरी है। हरे−भरे पेड़−पौधे, विभिन्न प्रकार के जीव−जंतु, मिट्टी, हवा, पानी, पठार, नदियां, समुद्र, महासागर, आदि सब प्रकृति की देन है, जो हमारे अस्तित्व एवं विकास के लिए आवश्यक है। पेड़ पृथ्वी के लिए सुरक्षा कवच का काम करते हैं और पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित करते हैं।वीटीआर जैव विविधता का अनूठा संसार है। हाल ही में दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव मिले हैं। जैव विविधता को ध्यान में रखकर वीटीआर प्रशासन इसका संरक्षण कर रही है।नए वेटलैंड तैयार किए जा रहे हैं जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिल सके। जैव विविधता को लेकर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
जैव विविधता का महत्व
पृथ्वी को मानव के लिए रहने योग्य बनाती है।
जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति करती है।
प्राकृतिक आपदाओं व बीमारियों से हमारी रक्षा करती है।
जैव विविधता संरक्षण की आवश्यकता
धरती पर जीवन के सभी रूपों को बनाए व बचाए रखने, वनस्पति व पशु पक्षियों की नस्लों में सुधार, स्थानीय समुदाय की औषधि, भोजन, वस्त्र व आजीविका सहित दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति, आर्थिक उन्नति, मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य एवं सौन्दर्यबोध बनाए रखने के लिए जैव विविधता का संरक्षण आवश्यक है।
वीटीआर की जैव विविधता
वीटीआर में वनस्पति और जीव-जंतु दोनों में ही प्रचुर विविधता पाई जाती है। जो इसकी समृद्ध जैविक विविधता में योगदान करते हैं।
बाघ संरक्षण योजना
वीटीआर में बाघों की सुरक्षा के लिए एंटी-पोचिंग उपाय और आवास पुनर्स्थापन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
जिससे संरक्षित वन्य जीवों का कुनबा बढ़ता ही जा रहा है।
गिद्ध संरक्षण योजना
जैव विविधता बढ़ाने के उद्देश्य से वीटीआर में गिद्धों के संरक्षण संवर्धन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मौके पर प्रधान शिक्षिका सुनीता कुमारी, सतीश कुमार सिंह बच्चा प्रसाद , मोहम्मद वारिश, राजकुमार महतो, उदय नारायण, जय प्रकाश, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।