

बगहा/भैरोगंज। भैरोगंज थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए चोरी गई बाइक बरामद कर ली है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र के देउरवा गांव निवासी फुननी यादव 19 जून 2026 को अपनी मोटरसाइकिल (संख्या BR 22 X 2330) से भैरोगंज बाजार स्थित एक दुकान पर कारपेंटर का कार्य कराने पहुंचे थे। उन्होंने बाइक को लॉक कर दुकान के बाहर खड़ा किया और अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वे बाहर निकले तो उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चलने पर पीड़ित ने भैरोगंज थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन के आधार पर भैरोगंज थाना कांड संख्या 93/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष सीता केवट के नेतृत्व में पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के सहसराव गांव में एसआई मोहित कुमार, चौकीदार दिलीप कुमार एवं पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई तथा सहसराव गांव निवासी कुंदन कुमार (पिता– मोहन कुशवाहा) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। भैरोगंज थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं चोरी की गई बाइक बरामद होने पर पीड़ित ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।










