मोहर्रम पर प्रशासन सख्त: एक दर्जन डीजे जब्त, फ्लैग मार्च से दिया शांति का संदेश।

0
131

Spread the love

बेतिया/मझौलिया। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कानून व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराने के लिए मझौलिया प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। प्रखंड के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में बीडीओ डॉ. राजीव रंजन, सीओ राजीव रंजन एवं थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक टीम ने लोगों से भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। फ्लैग मार्च में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
बीडीओ डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि मोहर्रम त्याग, अनुशासन और आस्था का पर्व है। इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की।
वहीं सीओ राजीव रंजन ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थानाध्यक्ष अमर कुमार ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार मोहर्रम जुलूसों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में अब तक लगभग एक दर्जन डीजे जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित डीजे का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए मोहर्रम मनाने की अपील की है। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here