नवविवाहिता मौत मामले में मझौलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी पति श्याम कुमार यादव गिरफ्तार।

0
108

Spread the love

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही पंचायत में नवविवाहिता पुष्पा देवी की मौत के मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति श्याम कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में जांच को नई दिशा मिली है तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है। जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता किशोर यादव ने मझौलिया थाना में आवेदन देकर पुत्री की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी । घटना की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी अभियान के तहत मुख्य आरोपी पति श्याम कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मामले की जांच कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कई अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here