

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:-बगहा-2 प्रखंड के जिमरी नौतनवा पंचायत में विकास मित्र पद पर हुई बहाली विवादों में घिर गई है। पंचायत निवासी मुकेश कुमार ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि चयनित अभ्यर्थी ने संदिग्ध शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की है। आवेदन में कहा गया है कि चयनित अभ्यर्थी ने कर्नाटक के एक बोर्ड से जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर बहाली हासिल की, जिसकी वैधता पर सवाल उठाए गए हैं। मुकेश कुमार का दावा है कि उन्होंने नियुक्ति से पहले ही संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की बहालियों में अभ्यर्थी ने अलग शैक्षणिक दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, जबकि वर्ष 2024 की नियुक्ति में दूसरे बोर्ड का प्रमाण पत्र लगाया गया। शिकायतकर्ता ने उच्च स्तरीय जांच, प्रमाण पत्र सत्यापन, नियुक्ति रद्द करने तथा मेरिट सूची के आधार पर उन्हें नियुक्ति देने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।










