नगर निकायों में कल होगा सशक्त स्थायी समिति का चुनाव

0
50

Spread the love

नामांकन से शपथ ग्रहण तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में होगी संपन्न, प्रशासन अलर्ट मोड में।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:-पश्चिम चम्पारण जिले के सभी नगर निकायों में 30 मई को सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इसी को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में सभी निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिले के नगर निगम बेतिया, नगर परिषद नरकटियागंज, बगहा, रामनगर तथा नगर पंचायत चनपटिया, लौरिया और मच्छरगांवा में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, प्रत्येक रिक्ति के लिए अलग-अलग मतपेटिका का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम बेतिया में सात मतपेटिकाएं जबकि नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में तीन-तीन मतपेटिकाएं लगाई जाएंगी। सभी मतपेटिकाओं को क्रमांकित किया जाएगा ताकि निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके। निर्वाचन प्रक्रिया 30 मई की सुबह 8 बजे से शुरू होगी और बिना किसी विराम के नामांकन, मतदान, मतगणना, परिणाम घोषणा तथा शपथ ग्रहण तक की कार्रवाई एक ही दिन में पूरी कर ली जाएगी। प्रत्येक निर्वाचित वार्ड पार्षद केवल एक रिक्ति के लिए ही नामांकन कर सकेंगे। यदि कोई सदस्य एक से अधिक रिक्तियों के लिए नामांकन करता है, तो न्यूनतम क्रमांक वाली मतपेटिका के लिए किया गया नामांकन ही वैध माना जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह गुप्त होगी। नामांकन के तुरंत बाद मतपत्र तैयार किए जाएंगे और निर्वाचित वार्ड पार्षद क्रमवार सभी रिक्तियों के लिए मतदान करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटिकाएं वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में खोली जाएंगी और मौके पर ही मतगणना कर अधिकतम मत प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित किया जाएगा। इसके बाद उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। निर्वाचन संपन्न होने के तुरंत बाद बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा-24 के तहत नव निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के साथ ही पूर्व में मनोनीत सशक्त स्थायी समिति स्वतः भंग मानी जाएगी। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने का निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने स्थलों पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here