तेज रफ्तार बाइक का कहर, नेपाली युवक को मारी जोरदार ठोकर।

0
92

Spread the love

कोतराहा मोड़ के पास हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल युवक अनुमंडलीय अस्पताल रेफर

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के कोतराहा मोड़ के पास सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने पैदल जा रहे एक नेपाली नागरिक को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से घायल को तत्काल इलाज के लिए वाल्मीकिनगर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान नेपाल के कुड़िया निवासी 32 वर्षीय कन्हैया पासवान, पिता जयराम पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कन्हैया अपनी बहन के घर लक्ष्मीपुर जा रहा था। इसी दौरान कोतराहा मोड़ के समीप तेज गति से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल 112 नंबर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को पुलिस वाहन से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर धीरज कुमार ने बताया कि युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वहीं बाइक चालक संतोष कुमार, जो अपनी बहन के घर से भेड़िहारी लौट रहा था, उसे भी मामूली चोटें आईं है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में वाहन जांच अभियान तेज करने, स्पीड कंट्रोल के उपाय करने तथा संवेदनशील मोड़ों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here