

शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बेतिया में आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की निर्बाध और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है। एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान समय में 14.2 किलोग्राम के कुल 23 हजार 933 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 1 हजार 257 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में गैस संकट की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को बिना किसी अनावश्यक विलंब के उनके घर तक सिलेंडर पहुंचाया जाए। जिला प्रशासन की निगरानी का असर भी दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिलेभर में कुल 10 हजार 337 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी कराई गई है। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गैस वितरण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि गैस आपूर्ति और वितरण से संबंधित प्राप्त 24 शिकायतों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इन शिकायतों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस बुकिंग, डिलीवरी अथवा आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की देरी, अनियमितता या अन्य शिकायत होने पर वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।










