

गुप्त सूचना पर वाल्मीकिनगर पुलिस का छापा
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर :- वाल्मीकिनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 13.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की यह कार्रवाई झरहरवा गांव के समीप की गई, जहां तस्करों द्वारा शराब की खेप पहुंचाने की सूचना मिली थी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के झरहरवा गांव के पास शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराए नजर आए। तलाशी लेने पर उनके झोले से रॉयल स्टैग ब्रांड की कुल 26 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 750 एमएल की 10 बोतलें तथा 375 एमएल की 16 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर 13.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन अंसारी (28 वर्ष), पिता नसीरुद्दीन अंसारी एवं राज नारायण उर्फ करेली (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिला अंतर्गत सोहगी बरवा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वाल्मीकिनगर थाना कांड संख्या 78/26 के तहत मध निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।










