

वाल्मीकिनगर के कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन
500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- भारतीय जनता पार्टी द्वारा वाल्मीकिनगर के कन्वेंशन सेंटर (वाल्मीकि सभागार) में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संगठन प्रशिक्षण महाअभियान का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जिलेभर से आए 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। समापन अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम, बगहा विधायक राम सिंह, पूर्व विधायक एवं मंत्री राजेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद शिवेश राम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो “देश प्रथम” की भावना को सर्वोपरि मानकर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और संगठनात्मक मजबूती का अभियान है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है तथा जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने का काम करती है। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम सत्र में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में जागरूकता फैलाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सजग रहने का आह्वान किया। भाजपा के इतिहास पर चर्चा करते हुए सांसद शिवेश राम ने कहा कि जनसंघ ही आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी बना। उन्होंने बताया कि आपातकाल के बाद जनता पार्टी के गठन और उसके विघटन के पश्चात 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में भाजपा का गठन हुआ, जिसका चुनाव चिह्न कमल का फूल बना। वहीं केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को चुनाव में हराने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब के संविधान और उनके विचारों का सम्मान करने वाली पार्टी है।










