

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिविर में 12 प्रशिक्षक देंगे संगठन, प्रबंधन और विचारधारा का प्रशिक्षण
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर में भाजपा जिला संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वाल्मीकि सभागार में होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला संयोजक सुमन कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन भाजपा कार्यकर्ता टून्ना कुमार उरांव ने किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 16 मई से शुरू होने वाले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना तथा कार्यक्रम में आने वाले मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न जिलों से आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत की तैयारी करना था। इस दौरान कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला संयोजक सुमन कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत और संगठनात्मक रूप से दक्ष बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में प्रदेश स्तर से मनोनीत 12 प्रशिक्षक विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। इसमें संगठन विस्तार, सामाजिक सरोकार, प्रबंधन कौशल, पार्टी की विचारधारा और आधुनिक राजनीति जैसे विषय शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह प्रशिक्षण अभियान मंडल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चलाया जा रहा है। बगहा जिले में बूथ स्तर से मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। जो कार्यकर्ता अभी तक प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें इस विशेष शिविर के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार लला तथा राज्य के अन्य जिलों से आए वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का समापन 17 मई को वरिष्ठ नेताओं एवं मंत्रियों की उपस्थिति में कन्वेंशन सेंटर वाल्मीकिनगर में किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों में एकजुट होकर अभी से सक्रिय भूमिका निभाने तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की गई।










