

वाल्मीकिनगर घूमने आई पल्लवी कुमारी घायल, हाथ में लगे चार टांके
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर स्थित एक पार्क में शनिवार को बंदरों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। पार्क घूमने आई 9 वर्षीय बच्ची पल्लवी कुमारी पर अचानक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को बंदरों से बचाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार बगहा के नरईपुर निवासी पिंटू चौधरी की पुत्री पल्लवी कुमारी अपने मामा के घर वाल्मीकिनगर के ठाड़ी क्षेत्र में आई हुई थी। शनिवार को वह अपने परिजनों के साथ वाल्मीकिनगर स्थित इको पार्क घूमने पहुंची थी। इसी दौरान पार्क परिसर में पहले से मौजूद तीन से चार बंदरों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बंदरों के हमले से बच्ची चीखने लगी, जिसके बाद वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। लोगों ने किसी तरह बंदरों को भगाकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। हमले में बच्ची के हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्ची को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के हाथ में गहरे जख्म होने के कारण चार टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन नगरी वाल्मीकिनगर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर इको पार्क और आसपास के पर्यटन स्थलों पर बंदरों के झुंड अक्सर पर्यटकों को परेशान करते हैं। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बंदरों के बढ़ते आतंक पर जल्द नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।










