विद्यालयों में डीपीओ का औचक निरीक्षण, एमडीएम व्यवस्था की गहन जांच।

0
19

Spread the love

उपस्थिति, खाद्यान्न भंडारण और भोजन गुणवत्ता की हुई पड़ताल“नोट कैम” से फोटो लेना अनिवार्य

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एमडीएम) कुमकुम पाठक ने औचक निरीक्षण कर विद्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रोहुआ टोला, लक्ष्मीपुर तथा बाल विद्या केंद्र सहित कई प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना, छात्र उपस्थिति और शिक्षकों के अभिलेखों की गहन जांच की गई। डीपीओ ने विद्यालयों में उपस्थित बच्चों की वास्तविक संख्या का उपस्थिति पंजी से मिलान किया। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के तहत उपयोग किए जा रहे खाद्यान्न, चावल भंडारण और वितरण व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया। विद्यालयों में रखे गए चावल के बोरों की गिनती कर स्टॉक की स्थिति की जांच की गई। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमकुम पाठक ने बताया कि कई विद्यालयों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद क्रमवार जांच अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को किए गए निरीक्षण में अधिकांश विद्यालयों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा किसी बड़ी अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए। डीपीओ ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को मध्याह्न भोजन के तहत नियमित रूप से अंडा उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर वितरण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा विद्यालयों में संचालित योजनाओं और उपस्थिति की निगरानी के लिए “नोट कैम” से फोटो लेना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बताया कि निरीक्षण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग के निदेशक को भेजी जाएगी तथा प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के औचक निरीक्षण से विद्यालयों में पूरे दिन हड़कंप का माहौल बना रहा। शिक्षक और रसोइया कर्मी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here