

लौरिया से अखिलेश उर्फ दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। सीरिसिया ओपी थाना क्षेत्र के भिखमपुर बिजबनिया गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। छत का टीन ठीक करने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों की पहचान वार्ड संख्या 13 निवासी छठु राम के 35 वर्षीय पुत्र बंसी राम और उनकी 30 वर्षीय पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज आंधी में घर का टीन पलट जाने के बाद बंसी राम उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान घर में लगा बिजली का तार टीन के संपर्क में आ गया। जैसे ही बंसी राम टीन हटाने पहुंचे, वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। पति को बचाने के लिए पास में खड़ी पूनम देवी दौड़ीं, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गईं। तेज झटके के कारण दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद घर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सक डॉ. किशलय कुमार के अनुसार, दोनों मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली उपकरणों और तारों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।










