लौरिया नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 97 करोड़ 13 लाख 82 हजार 63 रुपये का बजट पारित।

0
69

Spread the love

लौरिया से अखिलेश दीपक सिंह की रिपोर्ट

लौरिया। पश्चिम चम्पारण के लौरिया नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 97 करोड़ 13 लाख 82 हजार 63 रुपये का बजट पारित किया है। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय सभागार में मुख्य पार्षद सीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में यह बजट सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। इस बजट का उद्देश्य लौरिया के आधारभूत ढांचे को मजबूत कर इसे आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है। बैठक के दौरान नल-जल योजना, नली-गली निर्माण, सड़क पक्कीकरण, आवास, शौचालय, बिजली, नाला निर्माण, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटिंग जैसे बुनियादी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य पार्षद सीता देवी ने बताया कि बजट का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों की जरूरतों को पूरा करते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और लौरिया को एक आदर्श नगर बनाना है।नगर पंचायत ने कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी है। इनमें सम्राट अशोक भवन, स्मार्ट वार्ड योजना, शहरी जलापूर्ति, मार्केट कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल, सार्वजनिक पुस्तकालय, ठोस कचरा प्रबंधन, प्रशासनिक भवन, वेंडिंग जोन, पार्क और तालाब सौंदर्याकरण, बस स्टैंड, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा सड़क-नाला निर्माण शामिल हैं।उप मुख्य पार्षद किशोरी देवी ने नन्दनगढ़ और नन्दनगढ़ के पास मौर्यकालीन किला के सौंदर्गीकरण की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि इन ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण आवश्यक है।नगर पंचायत ने राजस्व बढ़ाने के लिए संपत्ति कर, होल्डिंग टैक्स, विज्ञापन कर, टावर टैक्स, स्टाम्प ड्यूटी, बिजली शुल्क और नगर संपत्तियों से होने वाली आय जैसे स्रोतों को निर्धारित किया है। सरकारी अनुदान को भी आय का प्रमुख आधार बनाया गया है। इस बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी, सिटी मैनेजर सपना सिंह, उप मुख्य पार्षद किशोरी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस बजट को शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here