वीटीआर की वादियों ने अमेरिकी दंपति का जीता दिल

0
20

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार का इकलौता टाइगर रिजर्व, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर), अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में न्यू जर्सी, संयुक्त राज्य अमेरिका से आए दंपति विलियम ली गोल्ड और एरिक विलियम गोल्ड ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वीटीआर की प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद लिया।
रविवार की शाम वाल्मीकिनगर पहुंचे इस दंपति ने घने जंगलों, पहाड़ियों और बहती नारायणी नदी के मनमोहक दृश्यों को करीब से देखा। उन्होंने यहां के स्वच्छ वातावरण और जैव विविधता की खुलकर सराहना की। विलियम ली गोल्ड ने बताया कि अमेरिका के कई हिस्सों, खासकर न्यू जर्सी में प्रदूषण की बड़ी समस्या है, जबकि वाल्मीकिनगर जैसे स्थान अब भी प्राकृतिक रूप से स्वच्छ और शांत हैं। उन्होंने वन विभाग के नेचर गाइड, सफारी चालकों और कर्मचारियों की कार्यशैली की भी प्रशंसा करते हुए भारतीयों को मिलनसार और व्यवहार कुशल बताया।

दो बार जंगल सफारी, रोमांच दोगुना

दंपति की सबसे बड़ी इच्छा बाघ देखने की थी। रविवार शाम की पहली जंगल सफारी में उन्हें कोई वन्यजीव नजर नहीं आया, लेकिन उनकी उत्सुकता कम नहीं हुई। सोमवार सुबह उन्होंने एक बार फिर जंगल सफारी का रुख किया। इस बार भले ही बाघ नहीं दिखा, लेकिन गौर, भालू और चीतल जैसे वन्यजीवों को देखकर वे रोमांचित हो उठे। जंगल के प्राकृतिक परिवेश और वन्यजीवों की झलक ने उनके सफर को यादगार बना दिया। हालांकि बाघ देखने की उनकी इच्छा अधूरी रह गई, लेकिन वीटीआर की हरियाली, शुद्ध हवा और शांत वातावरण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि यहां बिताए पल उनके लिए अविस्मरणीय रहेंगे। विदेशी पर्यटकों की बढ़ती आमद वाल्मीकि टाइगर रिजर्व अब केवल देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहा है। ब्रिटेन, रूस, जापान, मलेशिया और चेक गणराज्य सहित कई देशों के पर्यटक यहां आ चुके हैं। पर्यटन सत्र 2025-26 में अब तक पांच विदेशी पर्यटक वीटीआर का भ्रमण कर चुके हैं।
वन क्षेत्राधिकारी सत्यम कुमार ने बताया कि विभाग सभी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से वीटीआर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे विदेशी पर्यटकों का आकर्षण भी तेजी से बढ़ रहा है। स्पष्ट है कि जल, जंगल और जैव विविधता से समृद्ध वाल्मीकिनगर अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here