

राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के मोहद्दीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग संभल पाते, उससे पहले ही सात परिवार का घर इसकी चपेट में आ गए और जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस हादसे में बम ठाकुर, शिवमंगल ठाकुर, मनोज ठाकुर, दीनदयाल ठाकुर, अमेरिका ठाकुर, राम अवतार ठाकुर तथा शंभू ठाकुर के घर पूरी तरह नष्ट हो गए।

आग लगने की इस भयावह घटना में घरों में रखे फर्नीचर, गहने, बर्तन, कपड़े, नगदी सहित अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गए। पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी क्षेत्रीय अभिषेक सिंह ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, अन्यथा नुकसान और भी अधिक हो सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस विपदा से उबर सकें।










