

बेतिया /मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया मझौलिया। मझौलिया प्रखंड के जौकटिया स्थित एफ.एस. स्टडी सेंटर में एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जहां मैट्रिक और इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम ने न केवल छात्रों के मनोबल को बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के प्रति समर्पण और मेहनत की अहमियत को भी रेखांकित किया। सम्मान समारोह के दौरान सफल विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर शील्ड, स्मार्ट वॉच, पेन और डायरी जैसे आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। इंटर परीक्षा में पंचायत टॉपर इकरा रहमानी को विशेष रूप से सराहा गया, वहीं अलिजा शाहीन, सलोनी कुमारी और तनीषा खातून को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंच पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गुलशन खातून, किरण कुमारी, रोशनी कुमारी, नाजिया खातून, ज्योति कुमारी, शबनम खातून, खुशबू कुमारी, चांदनी कुमारी, रिया कुमारी, अमृता कुमारी, सोनम कुमारी, अंजली कुमारी, जैनब खातून, आशिया परवीन, गुफरान खातून, शिल्पी कुमारी, सुंदरम कुमारी और मिथिलेश कुमार सहित कई अन्य छात्रों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सराहा गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भावी मुखिया प्रत्याशी रूपलाल सहनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो एक सामान्य व्यक्ति को असाधारण बना सकती है।

उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग और अनुशासित रहने की सलाह दी। समिति सदस्य अरविंद कुमार ने भी छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में सफलता उन्हीं को मिलती है, जो कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास को अपना साथी बनाते हैं। संस्थान के डायरेक्टर फैयाज अहमद ने बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के समग्र विकास पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से संचालित यह कोचिंग सेंटर निरंतर बेहतर परिणाम दे रहा है। यहां मेधावी छात्रों को विशेष मार्गदर्शन दिया जाता है, वहीं कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था भी की जाती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्थान में कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध है और आने वाले समय में डिजिटल तकनीक के माध्यम से पढ़ाई को और प्रभावी बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रोफेसर जावेद अहमद, पूर्व शिक्षक अनिरुद्ध यादव, भावी जिला परिषद प्रत्याशी आनंद कुमार, धनंजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का सफल संचालन युवा समाजसेवी नंदकिशोर कुमार ने किया, जबकि अंत में डायरेक्टर फैयाज अहमद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह के बाद छात्रों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। सभी सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। यह आयोजन न सिर्फ एक सम्मान समारोह था, बल्कि यह उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत कर रहे हैं।










