

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के टंकी बाजार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंगलवार की शाम सीमा जागरण मंच के स्थापना दिवस के अवसर पर धार्मिक आस्था का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान हिंदू समुदाय के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और विश्व शांति की कामना की। कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन सीमा जागरण मंच के प्रचार प्रमुख प्रेम कुमार एवं मंत्री संजय कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य मंच के स्थापना दिवस के अवसर पर भारत माता पूजन एवं धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता और एकता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. केशव बलराम हेडगेवार तथा भारत माता के तैल चित्र पर उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच के प्रचार प्रमुख प्रेम कुमार ने बताया कि वर्ष 1985 में रामनवमी के पावन अवसर पर सीमा जागरण मंच की स्थापना की गई थी। तब से लेकर आज तक यह संगठन देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर अंतर्राष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करना है, बल्कि समाज में भाईचारा और समरसता का संदेश देना भी है।
सीमा जागरण मंच का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से सीमाई इलाकों में फैला हुआ है, जहां यह संगठन शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए कार्य करता है। इसके साथ ही, यह मंच धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाता है। पश्चिमी चंपारण जिले के छह प्रखंडों में इस संगठन की इकाइयां सक्रिय हैं और इनके अधीन शक्ति केंद्र भी कार्यरत हैं, जो स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करते हैं। धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सीमा जागरण मंच सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है। यह संगठन सीमाई क्षेत्रों के युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रोत्साहित करता है। साथ ही, ऐसे गांवों में जहां सरकारी योजनाओं का लाभ सीमित रूप से पहुंचता है, वहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी सहयोग करता है। इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां समाज को जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।











