

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकि नगर:-आगामी ईद, रामनवमी और चैती छठ जैसे प्रमुख धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर वाल्मीकिनगर थाना परिसर में शनिवार की दोपहर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष संजय कुमार पाठक ने की, जबकि इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। जिसमें मुख्यरूप से, सरपंच मैनुद्दीन अंसारी पूर्व मुखिया कलाम खान, समाजसेवी अमित कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, सुरेश सिंह शामिल रहे। बैठक के दौरान आने वाले विभिन्न धार्मिक त्योहारों को आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाने पर विशेष जोर दिया गया। थाना अध्यक्ष संजय कुमार पाठक ने कहा कि सभी पर्व हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। इन्हें मिल-जुलकर मनाना ही समाज की असली ताकत है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा साफ-सफाई जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पर्वों के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी अपने सुझाव दिए। सभी ने एक स्वर में कहा कि वाल्मीकिनगर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के लिए रही है और आगे भी इसी परंपरा को बनाए रखा जाएगा। बैठक के अंत में थाना अध्यक्ष ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के आपसी तालमेल से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण और सफल बनाया जा सकता है। उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।










